अमृतसर के रंजीत एवेन्यू में तीन दिवसीय पंजाब सखी शक्ति मेले का शुभारंभ

पहले दिन प्रसिद्ध गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी गायकी से बांधा समां

अमृतसर, 26 सितंबर (के.एल. जीत वालिया): पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन अमृतसर की ओर से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रंजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड में आज तीन दिवसीय ‘पंजाब सखी शक्ति मेले’ का शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन आज शाम राज्य के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) पल्लवी मिश्रा और तरनतारन के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल आदित्य शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और महिला उद्यमियों तथा स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले महिलाओं को अपने हुनर और उद्यमिता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

मेले के पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी सुरीली गायकी से खूब समां बांधा और दर्शकों का मनोरंजन किया। मेले में पहुंचे लोगों ने उनकी प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

26 से 28 सितंबर तक चलने वाला यह मेला प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। मेले में महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और हुनरमंद महिलाओं की ओर से तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, हस्तशिल्प, कपड़े, सजावटी सामान, खाद्य पदार्थ और अन्य घरेलू उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। ये वस्तुएं बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पल्लवी मिश्रा ने बताया कि मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग करने तथा नए ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही सरकार की स्वरोजगार, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को शाम 5 बजे मंडेर ब्रदर्स अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में स्कूली विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं। परिवारों और बच्चों के लिए झूले, मनोरंजन गतिविधियां और विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के स्टॉल भी मेले के विशेष आकर्षण हैं।

पल्लवी मिश्रा ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों के हुनर और उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें।

इस अवसर पर चेयरमैन सरबजीत सिंह बल्ल, बीडीपीओ प्रगट सिंह, डॉ. गुरविंदर सिंह, चेयरमैन गुरबिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी और प्रमुख लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *