अमृतसर, 10 अक्टूबर (के. एल. जीत वालिया): समाज में बढ़ते नशे के चलन के प्रति लोगों को जागरूक करने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से पूर्व विधायक सुनील दत्ती के नेतृत्व में नशा विरोधी रैली निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प लिया।
रैली के दौरान युवाओं ने नशे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों से इस गंभीर सामाजिक बुराई के विरुद्ध एकजुट होने की अपील की। इस अवसर पर सुनील दत्ती ने कहा कि नशे की लत युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है और कई परिवारों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकार या प्रशासन के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। माता-पिता, शिक्षकों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना चाहिए।
रैली के दौरान सोनू दत्ती ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की। इसके साथ ही नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों से नफरत करने के बजाय उन्हें उचित इलाज और पुनर्वास के माध्यम से सामान्य जीवन में वापस लाने में सहयोग देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मौजूद युवाओं ने संकल्प लिया कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में अपना योगदान देंगे।