अमृतसर की डॉ. सेहर ओम प्रकाश ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान, मिसेज यूनिवर्स 2026 में जीते चार सम्मान

अमृतसर, 3 नवंबर (के.एल. जीत वालिया / नानू)। अमृतसर की डॉ. सेहर ओम प्रकाश ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित मिसेज यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन किया है। 120 देशों की प्रतिभागियों के बीच डॉ. सेहर ने थर्ड रनर-अप का खिताब हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम और ब्रिलियंट परफॉर्मेंस का सम्मान जीता तथा टॉप-25 में भी जगह बनाई। इस तरह उन्होंने कुल चार अंतरराष्ट्रीय सम्मान अपने नाम किए।

डॉ. सेहर ने दिसंबर 2025 में UMB मिसेज इंडिया का खिताब जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। पेशे से वह मैक्सिलोफेशियल, ऑक्युलोप्लास्टी और एस्थेटिक सर्जन हैं। इसके साथ ही वह विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाली गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं।

प्रतियोगिता के दौरान उनकी नेशनल कॉस्ट्यूम प्रस्तुति खास आकर्षण का केंद्र रही। ‘अनेकता में एकता’ की थीम पर आधारित इस परिधान में भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक स्मारकों, वन्यजीवन और शास्त्रीय नृत्य कलाओं की झलक दिखाई गई।

पेरिस, मिलान और लंदन फैशन वीक में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकीं और कान फिल्म फेस्टिवल में शिरकत कर चुकीं डॉ. सेहर की यह उपलब्धि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि महिलाएं अपनी शिक्षा, पेशे, प्रतिभा और जुनून के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *