यूथ अकाली दल अमृतसर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर किया सम्मान
अमृतसर, 11 नवंबर (के.एल. जीत वालिया/शिखा): शिरोमणि अकाली दल बादल के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने पार्टी के मेहनती कार्यकर्ता और अपने करीबी नवजिंदरपाल सिंह गांधी निब्बरविंड को यूथ अकाली दल, जिला अमृतसर ग्रामीण का अध्यक्ष नियुक्त होने पर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने नवजिंदरपाल सिंह गांधी निब्बरविंड को नई जिम्मेदारी मिलने पर दिल से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वाहेगुरु इस युवा नेता को हमेशा चढ़दी कला में रखें और सफलता प्रदान करें।
मजीठिया ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल बादल में जो भी कार्यकर्ता ईमानदारी और मेहनत से पार्टी के लिए काम करेगा, उसे इसी तरह उचित मान-सम्मान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मजीठिया ने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब में एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल बादल की सरकार बनेगी। उन्होंने अकाली कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकारें पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के दम पर बनती हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए सक्रिय होकर काम करने की जरूरत है।
इस अवसर पर अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं हलका पूर्वी के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह रंधावा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।