के.एल. जीत वालिया, अमृतसर :- मान सरकार द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के वादे को पूरा करते हुए आम आदमी पार्टी के अमृतसर से विधायक डॉ जसबीर सिंह संधू ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नई आवास निर्माण के लिए 400 लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इस अवसर पर डॉ संधू ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सरकार की आवास योजनाओं को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा था। पात्र परिवारों से सरकारी हिस्सेदारी के लिए आवेदन भरवाए गए और नगर निगम की टीम के निरंतर प्रयासों से आज यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता गरीब परिवारों को अपने सपनों का घर बनाने में बड़ी मदद करेगी।
डॉ संधू ने कहा कि मान सरकार ने इस योजना के तहत एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पिछली सरकारों के समय पंजाब सरकार का योगदान मात्र 25 हजार रुपये था, जिसे मान सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है। इससे हजारों गरीब परिवारों के लिए नया घर बनाना अब और आसान हो गया है।
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार का मुख्य उद्देश्य जनहितकारी नीतियों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है। आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक तक पहुंचाना मान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास करती रहेगी।
अंत में डॉ संधू ने कहा कि मान सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं बल्कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। क्षेत्र में लंबित अन्य मामलों को भी शीघ्र पूरा कर अधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त विशाल वधावन, सुपरिंटेंडेंट लवलीन शर्मा, हरप्रीत सिंह बेदी, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जत्थेदार दिलबाग सिंह वडाली, नगर सुधार ट्रस्ट के सदस्य मुखविंदर सिंह विर्दी, विकास छोटू, कुलवंत वडाली, पार्षद विजय भगत, पार्षद संदीप सिंह, पार्षद विराट देवगन, पीए अमरजीत शेरगिल, पीए माधव शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।