मानसिक बीमारियों को छिपाने की बजाय समय पर इलाज कराना जरूरी : डॉ. दशलीन कौर

अमृतसर, 6 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – अमृतसर की प्रसिद्ध मानसिक रोग विशेषज्ञ (साइकेट्रिस्ट) डॉ.दशलीन कौर ने अपने सेंटर, अजीत एन्क्लेव, गुमटाला बाईपास, एयरपोर्ट रोड में मानसिक बीमारियों के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि आज के दौर में तनाव, अवसाद (डिप्रेशन) और चिंता जैसी मानसिक समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसलिए लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कई लोग मानसिक बीमारियों को छिपाते हैं और समय पर डॉक्टर से सलाह नहीं लेते, जिसके कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय तक तनाव, नींद न आना, घबराहट, बेचैनी या निराशा महसूस होती है तो उसे तुरंत किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
डॉ. दशलीन कौर ने कहा कि मानसिक बीमारियां भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह ही होती हैं और इनका इलाज संभव है। सही समय पर परामर्श और उपचार मिलने से मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।
उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और सकारात्मक सोच बहुत जरूरी है। परिवार के सदस्यों को भी चाहिए कि यदि घर में किसी व्यक्ति को मानसिक तनाव या समस्या हो तो उसका सहयोग करें और उसे इलाज के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि समाज में मानसिक बीमारियों को लेकर फैली झिझक और गलत धारणाओं को दूर करने की आवश्यकता है, ताकि लोग बिना किसी डर या संकोच के इलाज करा सकें और स्वस्थ जीवन जी सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *