2026 के अंत तक खत्म हो जाएंगे देश के सभी टोल प्लाजा, बिना रुके सफर करेंगे वाहन

नई दिल्ली :- नितिन गडकरी ने देशभर के करोड़ों वाहन चालकों को बड़ी राहत देने वाली घोषणा की है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के अंत तक भारत के सभी फिजिकल टोल प्लाजा हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहनों को टोल देने के लिए कहीं रुकना नहीं पड़ेगा।

सरकार अब पारंपरिक टोल बूथ व्यवस्था की जगह पूरी तरह “बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम” लागू करने जा रही है। इस नई तकनीक के तहत वाहनों से टोल स्वतः कट जाएगा और चालक बिना स्पीड कम किए सीधे हाईवे पर सफर कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि नई व्यवस्था में वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी बिना रुके निकल सकेंगे।

नई प्रणाली में FASTag तकनीक के साथ AI कैमरे, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) और GNSS यानी GPS आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे वाहन जितनी दूरी तय करेगा, उसी हिसाब से टोल शुल्क लिया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इस कदम से हाईवे पर लगने वाले लंबे जाम खत्म होंगे, ईंधन की बचत होगी और यात्रा का समय भी कम होगा। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है, जिससे परिवहन लागत घट सकती है।

फिलहाल देश के कुछ हिस्सों में बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा चुका है। राजस्थान, गुजरात और तेलंगाना के कुछ हाईवे पर नई तकनीक का परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि FASTag पूरी तरह बंद नहीं होगा, बल्कि नई प्रणाली में भी इसकी अहम भूमिका रहेगी। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना और FASTag सेवाएं बंद करने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *