अमृतसर, 22 जुलाई (के.एल. जीत वालिया)। पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पीएफएचआर (PFHR) एवं पीपल फॉर ह्यूमन राइट्स के प्रतिनिधियों ने अमृतसर के डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) रविंदरपाल सिंह संधू का विशेष सम्मान किया। संगठन के चीफ डॉ. चरणजीत सिंह चेतनपुरा तथा पंजाब अध्यक्ष गिन्नी भाटिया ने डीसीपी संधू से शिष्टाचार मुलाकात कर उनकी प्रशासनिक सेवाओं और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. चरणजीत सिंह चेतनपुरा और गिन्नी भाटिया ने डीसीपी रविंदरपाल सिंह संधू को पौधा और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक अधिकारी का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है जो समाज और पर्यावरण की बेहतरी के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा अमृतसर शहर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और हरित बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों और समाजसेवियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और वृक्षारोपण के प्रति जन-जागरूकता बढ़े।
डीसीपी रविंदरपाल सिंह संधू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी कार्यालयों और उनके आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे तथा हरियाली बढ़ाने के लिए प्रशासन भी पूरा सहयोग करेगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर साहिल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।