अमृतसर, 21 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):जालंधर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विशाल ‘विकास रैली’ में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अमृतसर दक्षिण के पूर्व विधायक एवं भाजपा दक्षिण के प्रभारी हरजिंदर सिंह ठेकेदार ने भी वरिष्ठ भाजपा नेतृत्व के साथ मिलकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
हरजिंदर सिंह ठेकेदार ने कहा कि पंजाब के विकास, औद्योगिक प्रगति और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जालंधर में आयोजित विकास रैली में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि पंजाब के लोग विकास और मजबूत नेतृत्व की राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर संक्षिप्त बातचीत करने का भी अवसर मिला। इस दौरान पंजाब से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रदेश के लोगों की भावनाओं से प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया।
हरजिंदर सिंह ठेकेदार ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में राज्य को कई नई विकासोन्मुख योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग का कल्याण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों की समृद्धि और पंजाब के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब आगमन का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका यह दौरा राज्य के विकास और प्रगति के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।