अमृतसर, 5 अगस्त (के.एल. जीत वालिया): अमृतसर में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद पंजाब पुलिस, महिला प्लाटून, पंजाब होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न स्कूलों की परेड और बैंड टुकड़ियां आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थी देशभक्ति और पंजाबी संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह की सभी तैयारियां समय पर पूरी करें। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों और टीमों का भी गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, वीर नारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम अधिकारियों को शहर की विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के आदेश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पल्लवी मिश्रा, एसडीएम-1 अलका कालिया, एसडीएम-2 सुखमंदर सिंह, सहायक आयुक्त (जनरल) प्रगति सेठी, आरटीए हितेश वीर गुप्ता, एसडीएम बाबा बकाला साहिब जसनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।