अमृतसर(KL JIT WALIA ):- केवीआई एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की पहल तथा रेडक्रास सोसायटी और जिला प्रशासन के सहयोग से सिफ्ती इंटरनेशनल में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह पहला अवसर रहा जब इस प्रकार के रक्तदान शिविर में पंजाब के अलावा देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी लोग रक्तदान के लिए पहुंचे।
केवीआई एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के प्रधान विक्रमजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में पंजाब के साथ-साथ गुजरात, राजस्थान, दुबई और इंग्लैंड से भी रक्तदाता शामिल हुए। विक्रमजीत सिंह ने बताया कि कई लोगों ने अपना जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ और बच्चों के जन्मदिन को समर्पित करते हुए रक्तदान किया। शिविर में करीब 100 समाजसेवक, दर्जनभर एनजीओ और उनके स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कुल 450 यूनिट रक्त एकत्र कर जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध कराया गया।
इस रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड होल्डर रक्तदाताओं की भी विशेष भागीदारी रही। नगर निवासी दिव्यांग भूपिंदर सिंह ने 11वीं बार रक्तदान किया, जबकि समाजसेवी राजेश सिदाना ने 122वीं बार रक्तदान किया। गुजरात के सुरेश रेवानकर ने 171वीं बार, मंतोष श्रीनाथ ने 119वीं बार, देवेंद्र कुमार नीटू ने 106वीं बार और राजस्थान के सुहेल खान ने भी रक्तदान किया। इन सभी ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से शिविर की जानकारी मिली थी और वे विशेष रूप से रक्तदान के लिए पहुंचे थे।
शिविर के दौरान बाढ़ पीड़ित परिवारों की महिलाओं को 30 सिलाई मशीनें भी भेंट की गईं। बरगाड़ी की प्रमुख समाजसेवी संस्था नवरीत ब्लड डोनेशन सोसायटी के प्रधान अजयपाल सिंह और उनकी टीम ने यह सिलाई मशीनें वितरित कीं। अजयपाल सिंह ने कहा कि यह शिविर केवल रक्तदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी सशक्त माध्यम बना।इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता, पार्षद विकास सोनी, रेडक्रास सोसायटी के सचिव सैमसन मसीह, डॉ. स्वराज ग्रोवर, ह्यूमन राइट्स के चेयरमैन स्वर्ण सिंह विदर्दी, सुखविंदर सिंह मठारू, वरिंदर सिंह विक्की, संदीप सिंह, सुरिंदर सिंह, लखविंदर सिंह, रवि महाजन, सीमा शर्मा, सुखविंदर सिंह लक्की कानपुरिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।