के. एल. जीत वालिया, अमृतसर :- स्प्रिंग डेल स्कूल के वर्ष 2000 बैच के पूर्व छात्रों ने लंबे समय बाद अपने स्कूल का दौरा कर बचपन की यादों को ताज़ा किया। इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने अपनी रोज़मर्रा की व्यस्तताओं को पीछे छोड़ते हुए एक दिन अपने पुराने स्कूल परिसर में साथ बिताने का निर्णय लिया।
स्प्रिंग डेल एजुकेशनल सोसायटी के चेयरमैन साहिलजीत सिंह संधू एवं डायरेक्टर कीरत संधू चीमा, जो स्वयं भी इस स्कूल के पूर्व छात्र रह चुके हैं, ने इन पूर्व छात्रों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि पूर्व छात्रों की सबसे पहली इच्छा यही थी कि वे अपने पुराने कक्षा कक्षों में उन्हीं बेंचों पर बैठें, जहां उन्होंने अपने मित्रों के साथ जीवन के सुनहरे वर्ष बिताए थे।

संधू ने आगे बताया कि पूर्व छात्र अपने पुराने शिक्षकों से मिलने के लिए भी बेहद उत्साहित थे। इसी कारण उनके शिक्षकों को भी इस विशेष अवसर पर सम्मानित अतिथियों के रूप में आमंत्रित किया गया।इस मौके पर स्प्रिंग डेल स्कूल के पूर्व छात्रों की एक एलुमनी एसोसिएशन का भी शुभारंभ किया गया। एसोसिएशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह संस्था पूर्व छात्रों द्वारा स्वयं संचालित की जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य आपसी संपर्क बनाए रखना और स्कूल से निरंतर जुड़ाव कायम रखना है।स्कूल के प्रिंसिपल राजीव कुमार शर्मा, जो इन छात्रों के शिक्षक भी रह चुके हैं, ने कहा कि इतने वर्षों के बाद भी पूर्व छात्रों का अपने स्कूल के प्रति ऐसा गहरा लगाव देखना अत्यंत खुशी और गर्व की बात है।