अमृतसर, 9 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – अमृतसर की प्रमुख सामाजिक संस्था माझा वेलफेयर सोसायटी (रजि.) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम सिंह ने वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों से जुड़े एक अहम मुद्दे को उठाते हुए पंजाब सरकार से इस संबंध में तुरंत स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए तरसेम सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कई वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने के संबंध में मोबाइल फोन पर मैसेज प्राप्त हो रहे हैं। इन मैसेजों में कहा जा रहा है कि यदि जल्द ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करवाया गया तो उनकी पेंशन रुक सकती है। इस कारण बड़ी संख्या में बुजुर्ग पेंशनर चिंतित होकर बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब कुछ पेंशनर इस संबंध में जानकारी लेने के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक की स्थानीय शाखा में पहुंचे तो वहां के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सूचना या निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। ऐसे में बैंक कर्मचारी भी इस विषय में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे, जिससे पेंशनरों में और अधिक भ्रम की स्थिति बन गई है।
तरसेम सिंह ने कहा कि यदि सरकार की ओर से अभी तक इस प्रक्रिया को लागू नहीं किया गया है, तो फिर पेंशनरों को इस प्रकार के मैसेज कैसे भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के कारण 70 से 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग पेंशनरों को बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है और उन्हें बार-बार बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
उन्होंने पंजाब सरकार से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में जल्द से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और बैंकों को भी आधिकारिक रूप से अवगत कराया जाए, ताकि पेंशनरों को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े।
तरसेम सिंह ने अंत में कहा कि सरकार और संबंधित विभागों को बुजुर्ग पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से दफ्तरों या बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी पेंशन बिना किसी रुकावट के समय पर मिलती रहे।