अमृतसर, 11 मार्च (के. एल. जीत वालिया) –आज स्थानीय छेहरटा चौक में प्रसिद्ध समाज सेवक धर्मा प्रधान छेहरटा की ओर से कक्कड़ परिवार, इलाके के दुकानदारों तथा स्थानीय निवासियों के सहयोग से पवित्र महाशिवरात्रि के पावन पर्व को समर्पित वार्षिक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए भव्य लंगर सेवा लगाई गई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन के दौरान विशेष रूप से कौंसिलर धर्मजीत बोबी, पूर्व कौंसिलर अरविंद शर्मा तथा पूर्व कौंसिलर अविनाश सैला ने उपस्थित होकर लंगर सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव की भक्ति, सेवा भावना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
इस मौके पर धर्मा प्रधान छेहरटा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व को समर्पित यह भंडारा छेहरटा चौक में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का विशेष सहयोग रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में लोगों की सक्रिय भागीदारी ही ऐसे आयोजनों को सफल बनाती है।
इस अवसर पर आनंद मेडिकल, रमन शर्मा, सुरिंदर शिंदा खंडवाला, रिंकू जनरल स्टोर, आकाशदीप सिंह, प्रोफेसर रोबिन सिंह बल, मनप्रीत सिंह मन्ना बल, आकाश कुमार भल्ला कॉलोनी, कुश शर्मा, लव शर्मा, राहुल खत्री, रमेश फास्ट फूड सहित बड़ी संख्या में छेहरटा चौक के दुकानदार और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे तथा सभी ने लंगर सेवा में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक और श्रद्धामय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ इस आयोजन को और भी भक्ति और उत्साह से भर दिया।