अमृतसर, 13 मार्च (के.एल.जीत वालिया)– विधानसभा हलका दक्षिणी के वरिष्ठ नेता और पूर्व काउंसलर स.जगदीप सिंह रिंकू नरूला द्वारा नाराज चल रहे कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को फिर से पार्टी से जोड़ने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत आज एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसके तहत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रणबीर सिंह हैप्पी (तरणतारन रोड), जो पिछले काफी समय से कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे थे और सक्रिय राजनीति से दूर होकर घर पर बैठे हुए थे, उन्हें दोबारा कांग्रेस पार्टी से जोड़ा गया।
इस मौके पर जगदीप सिंह रिंकू नरूला विशेष रूप से रणबीर सिंह हैप्पी के निवास स्थान पर पहुंचे। वहां रणबीर सिंह हैप्पी और उनके साथियों ने रिंकू नरूला का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी की मजबूती और विधानसभा हलका दक्षिणी में कांग्रेस पार्टी को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई।रिंकू नरूला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बड़ा परिवार है और किसी भी नेता या कार्यकर्ता की नाराजगी को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रणबीर सिंह हैप्पी जैसे सुलझे, बेदाग और मेहनती नेताओं की पार्टी को बहुत जरूरत है और उनकी वापसी से हलका दक्षिणी में कांग्रेस पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में हलके के अन्य नाराज कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर उनके गिले-शिकवे दूर किए जाएंगे और उन्हें दोबारा पार्टी से जोड़ा जाएगा।
इस मौके पर रणबीर सिंह हैप्पी ने कहा कि रिंकू नरूला द्वारा दी गई इज्जत और सम्मान के कारण ही वह दोबारा कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह ही पार्टी की मजबूती के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे और विधानसभा हलका दक्षिणी में कांग्रेस पार्टी के झंडे को और ऊंचा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
इस मौके पर विशाल सहगल, सुखविंदर सिंह दोधी, मामा सुखविंदर सिंह के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस दौरान उपस्थित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि सरदार जगदीप सिंह रिंकू नरूला द्वारा चलाई जा रही यह मुहिम पार्टी के लिए बहुत लाभदायक साबित होगी और इससे हलका दक्षिणी में कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक ताकत और बढ़ेगी। इस मौके पर कई अन्य कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।