अमृतसर, 13 मार्च (के.एल.जीत वालिया) – पंजाब सरकार द्वारा बजट में सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और अनुसूचित जाति से संबंधित महिलाओं को 1500 रुपये सम्मान राशि देने की घोषणा की खुशी में विधानसभा हल्का अमृतसर पश्चिमी के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू की अगुवाई में बड़ी संख्या में महिलाओं ने आज शाम ‘जागो’ निकालकर खुशी मनाई।
विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के इस फैसले का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना के तहत 9300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है, जिसके अंतर्गत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मान सरकार का यह फैसला महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस दौरान महिलाओं ने मान सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम आम परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और छोटी-मोटी जरूरतों के लिए भी कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। हर महीने मिलने वाली यह राशि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी और घर की जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
महिलाओं ने कहा कि जैसे बीमारी के समय सरकारी इलाज सुविधाएं लोगों के लिए सहारा बनती हैं, उसी तरह यह आर्थिक सहायता भी समय की बड़ी जरूरत थी। उन्होंने कहा कि जो लोग 1000 रुपये को कम समझते हैं, वे आम घरों की महिलाओं से पूछें कि यह राशि उनके लिए कितनी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर सुनीता, परमजीत कौर, मनजीत कौर रजिया, कुलजीत कौर, राजविंदर कौर, अनु सलवान, अकविंदर कौर, पूजा, काउंसलर विजय भगत, संदीप सिंह, प्रभ उप्पल, अमरजीत गुमटाला, एडवोकेट रमण कुमार, सरपंच जीतू, अमनदीप, परमजीत कौर, अमृतपाल सिंह, पीए अमरजीत शेरगिल, पीए माधव शर्मा आदि भी उपस्थित थे।