अमृतसर, 13 मार्च (के.एल.जीत वालिया) –मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहे “रंगला पंजाब” मिशन के तहत हल्का अमृतसर पूर्वी के सर्वांगीण विकास के लिए विधायक मैडम जीवनजोत कौर ने आज एक अहम प्रोजेक्ट की शुरुआत की। हल्के में लंबे समय से लटकी हुई और खतरनाक बन चुकी बिजली की नीची तारों को ऊंचा करने के कार्य का शुभारंभ आज गांव वल्ला में औपचारिक रूप से किया गया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक जीवनजोत कौर ने बताया कि हल्के के विभिन्न इलाकों में बिजली की ढीली और नीची तारों के कारण हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। लोगों की इस जायज मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से 2.5 करोड़ रुपये के विशेष फंड जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से इलाके के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।”
विधायक जीवनजोत कौर ने आगे कहा कि विकास की यह पहल सिर्फ गांव वल्ला तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे हल्का अमृतसर पूर्वी में जहां भी ऐसी समस्या है, उसे जल्द से जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हल्के के किसी भी हिस्से में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर इलाके के निवासियों ने विधायक जीवनजोत कौर का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई थी, जिसका समाधान अब मौजूदा सरकार द्वारा किया जा रहा है।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग हल्का पूर्वी के चेयरमैन कपिल चड्डा, आम आदमी पार्टी लीगल विंग के अध्यक्ष एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर, पीए मनिंदर सिंह, वरिष्ठ नेता आसू बंसल, एन.के. पुरी, बिजली विभाग के अधिकारी तथा पार्टी के कई प्रमुख नेता भी उपस्थित थे।