अमृतसर, 29 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – प्रसिद्ध रंगमंच निर्देशक साजन कपूर प्रसिद्ध फिल्मी कलाकार के नेतृत्व में नाटक “मिर्च मसाला” का शानदार और हाउसफुल मंचन किया गया। इस नाटक के एसोसिएट डायरेक्टर हरुन अरोड़ा प्रसिद्ध फिल्मी कलाकार रहे, जबकि प्रसिद्ध कलाकार अभिषेक भारद्वाज ने प्रोडक्शन हेड के रूप में भूमिका निभाई।
यह नाटक स्वर्गीय नाटककार श्री जतिंदर सिंह बराड़ को समर्पित किया गया, जिनके द्वारा इसकी रचना की गई है।
नाटक में समाज में उन लोगों को “छड़ा” कहकर संबोधित करने की सोच पर हल्के-फुल्के अंदाज में प्रहार किया गया है, जिनकी शादी नहीं होती। कहानी तीन भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी अभी तक शादी नहीं हुई है।

कहानी के अनुसार बड़े भाई की शादी इसलिए नहीं हो रही क्योंकि दोनों छोटे भाई अपनी-अपनी पसंद की भाभी लाना चाहते हैं। मंझला भाई बॉडी बिल्डर है और स्वस्थ लड़की चाहता है, जबकि सबसे छोटा भाई आधुनिक सोच रखता है और मॉडर्न भाभी की इच्छा रखता है। अंततः बड़ा भाई अपनी पसंद से विवाह कर लेता है, जिससे नाराज होकर दोनों छोटे भाई उससे रिश्ता तोड़ लेते हैं।
नाटक में मोड़ तब आता है जब भाभी अपने प्यार और समझदारी से दोनों भाइयों को जीवन में संतुलन और परिवार की अहमियत समझाती है। पूरे नाटक को कॉमेडी अंदाज में प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को हंसाते हुए एक मजबूत सामाजिक संदेश दिया गया।
नाटक में साजन कपूर, हरुन अरोड़ा, अभिषेक भारद्वाज, गुरलीन कौर, कोमलप्रीत सब्बरवाल, संप्रीत सिंह, सिमरन, रिचा सपरा, मोहित सेठी, मेहताब सिंह, राकेश शर्मा, रोमी पुंज, बिक्रमजीत सिंह, सुरुचि, रोहित शर्मा, पवनदीप शर्मा, मेघा, सुधांशु और मानसी भगत सहित कलाकारों ने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया।
दर्शकों ने नाटक की भरपूर सराहना की और पूरा हॉल खचाखच भरा रहा।