अमृतसर, 9 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – स्थानीय होटल गोल्डन ट्री, सुल्तानविंड रोड में आज आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान एसीपी ईस्ट अनुभव जैन (आईपीएस) को क्षेत्र के निवासियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इलाके के प्रमुख समाजसेवियों और निवासियों ने एकत्र होकर पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे जनकल्याण कार्यों की सराहना की।
इस मौके पर कवलजीत सिंह कंडा, हरिंदर सिंह कंडा और मनदीप सिंह कंडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने एसीपी अनुभव जैन को स्मृति चिन्ह और सम्मान स्वरूप कृपाण भेंट कर उनकी सेवाओं और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एसीपी जैन ने अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए सराहनीय कार्य किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए एसीपी अनुभव जैन ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज विरोधी तत्वों और नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि नशे और अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक अपना कर्तव्य निभाए, तो समाज को इन बुराइयों से मुक्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्र की अन्य प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहीं और उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सामाजिक सुधार के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।