विभिन्न उम्मीदवारों ने जिला लोक संपर्क कार्यालय में अपने नामांकन पत्र किए दाखिल
अमृतसर, 15 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – प्रेस क्लब अमृतसर की आगामी चुनावों को लेकर गतिविधियां अब चरम पर पहुंच गई हैं। 19 अप्रैल को होने जा रहे चुनावों के लिए आज विभिन्न उम्मीदवारों ने जिला लोक संपर्क कार्यालय में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
जानकारी के अनुसार, कमल पहलवान ने प्रधान पद के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही राजेश गिल गुट की ओर से पूरा पैनल मैदान में उतारा गया, जिसमें प्रधान पद के लिए राजेश गिल, महासचिव के लिए रेशम सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए विपन राणा, उपाध्यक्ष के लिए विक्रमजीत शर्मा, सचिव के लिए रजिंदर सिंह रूबी, कैशियर के लिए रमन शर्मा और संयुक्त सचिव के लिए हरमीत सिंह के नामांकन शामिल हैं।

इसके अलावा पट्टी गुट ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रधान पद के लिए जसबीर सिंह पट्टी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए ममता देवगन, कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए पृथीपाल सिंह, महासचिव के लिए राजेश शर्मा, सचिव के लिए विक्रांत शर्मा, संयुक्त सचिव के लिए ज्योति बहल और कैशियर के लिए हरीश शर्मा के नामांकन पत्र दाखिल किए।
वहीं शहीद भगत सिंह जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से भी चुनाव मैदान में उतरते हुए प्रधान पद के लिए रणजीत सिंह मसौण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए रमेश रामपुरा, महासचिव के लिए जोगा सिंह राजपूत और कोषाध्यक्ष के लिए कुलबीर सिंह ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला लोक संपर्क अधिकारी अमृतसर इंदरजीत सिंह और योगेश कुमार ने सभी उम्मीदवारों के कागजात प्राप्त किए। इस मौके पर कार्यालय में काफी चहल-पहल देखने को मिली और उम्मीदवारों के समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
कुल मिलाकर, विभिन्न गुटों की मजबूत दावेदारी के चलते इस बार प्रेस क्लब अमृतसर के चुनाव काफी रोचक और कांटे की टक्कर वाले होने की संभावना है।