अमृतसर, 17 अप्रैल (के.एल.जीत वालिया) – जज नगर, गली नंबर 8, बटाला रोड में साहिल अग्रवाल परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा यज्ञ का शुक्रवार को श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन हवन यज्ञ में मंत्रोच्चारण के बीच पूर्णाहुति डाली गई। इसके उपरांत आरती की गई तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति अर्पित कर अपने जीवन से बुराइयों को त्यागने और अच्छाइयों को अपनाने का संकल्प लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए।
समापन अवसर पर नंदगांव से पधारे कथावाचक स्वामी बृज भूषण तिवारी जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन मानवता को धर्म, प्रेम और कर्तव्य का सच्चा मार्ग दिखाता है। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह एवं ऑल इंडिया हिंदू सुरक्षा कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन मेहरा विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सनातन धर्म को सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति के साथ अच्छे लोगों का साथ स्वयं जुड़ता जाता है और निस्वार्थ भाव से सेवा करने वालों पर ईश्वर की कृपा बनी रहती है।
आयोजक साहिल अग्रवाल ने सात दिवसीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं एवं सेवादारों का हृदय से आभार व्यक्त किया।समापन अवसर पर अश्विनी अग्रवाल, टोनी बाऊ,बलविंदर कुमार, राहुल, पंडित राम, पंडित मनीष शर्मा, राकेश महाजन, ब्रह्मदेव, अमित कपूर, सुरजीत सिंह, शिवम अग्रवाल, अभी अग्रवाल, विजय कुमार, दीपक अरोड़ा, अनिल कुमार पप्पू, पंडित अनिल शर्मा, राजिंदर कुमार, गौरव कनौजिया, करणदीप गिल, शिवम, विक्की, निशान सिंह, विशाल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।