पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों के स्तर को प्राइवेट स्कूलों के मुकाबले ऊंचा उठाने के लिए वचनबद्ध है – सरबजोत धंजल,महाजन

अमृतसर, 24 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के तहत आज स्थानीय स्कूल ऑफ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, सरकारी स्कूल मॉल रोड में नई कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी माझा जोन के इंचार्ज और पंजाब सीवरेज बोर्ड के डायरेक्टर सरबजोत सिंह धंजल, जिला प्रधान जसकरनदीप सिंह, आप ट्रेड विंग के जिला प्रधान गुरप्रीत सिंह कटारिया ,आम आदमी पार्टी जोनल मीडिया इंचार्ज एडवोकेट अरविंदर भट्टी तथा हल्का नॉर्थ अमृतसर के कोऑर्डिनेटर रणदीप कुमार बंटी महाजन द्वारा औपचारिक उद्घाटन किया गया।

समारोह के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल, अध्यापक वर्ग और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से मेहमानों का स्वागत करते हुए विद्यालय में हो रहे विकास कार्यों और छात्राओं के लिए तैयार की जा रही नई सुविधाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए सरबजोत सिंह धंजल और बंटी महाजन ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों के स्तर को प्राइवेट स्कूलों के बराबर ही नहीं, बल्कि उससे भी ऊंचा उठाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शिक्षा क्रांति के माध्यम से स्कूलों की तस्वीर पूरी तरह बदली जा रही है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के इस दौर में कंप्यूटर शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण है और विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना समय की जरूरत है। इस नई कंप्यूटर लैब से छात्राओं को डिजिटल शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे भविष्य की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकेंगी।

सरबजोत धंजल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को बेहतर बनाना पंजाब सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि हर वर्ग के बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में हो रहे सुधारों से लोगों का विश्वास बढ़ा है और अब बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में करवा रहे हैं। यह सरकार की शिक्षा नीति की सबसे बड़ी सफलता है।अंत में स्कूल प्रबंधन की ओर से आए हुए मेहमानों का धन्यवाद किया गया और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार द्वारा मिल रहे सहयोग की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *