स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान की शुरुआत

 

 

अमृतसर, 24 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – स्वास्थ्य विभाग अमृतसर द्वारा सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज के दिशा-निर्देशों के तहत आम लोगों को मलेरिया और डेंगू के प्रति जागरूक करने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय से जागरूकता टीमों को रवाना किया गया।

 

इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. बजाज ने कहा कि मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए सबसे जरूरी है मच्छरों की उत्पत्ति को रोकना, क्योंकि इलाज से ज्यादा बचाव जरूरी है।

 

उन्होंने बताया कि मलेरिया एक वेक्टर जनित बीमारी है, जो मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होती है। इसके लक्षणों में ठंड लगकर तेज बुखार आना, तेज सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टियां और नाक, मुंह तथा मसूड़ों से खून आना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में मुफ्त जांच और इलाज करवाना चाहिए।

 

जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हरजोत कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना फॉगिंग, स्प्रे और जागरूकता अभियान चला रही हैं तथा विशेष रूप से हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है।

 

जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह ने कहा कि जिले भर में लोगों को पोस्टर, बैनर और पंपलेट के माध्यम से डेंगू और मलेरिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

 

इस मौके सहायक सिविल सर्जन डॉ. रजिंदरपाल कौर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जसपाल सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रश्मि विज, एएमओ गुरदेव सिंह, प्रीतपाल सिंह, एसआई सुखदेव सिंह, गुरकिरण सिंह, बलविंदर सिंह, हरकमल सिंह, हरमीत सिंह, रणजोत सिंह, कुलदीप सिंह समेत अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *