केवल सिंह ढिल्लों और तरुण चुघ के स्वागत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
अमृतसर (हरपिंदर सोनी): भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ अपने नए पदभार संभालने के बाद पहली बार अमृतसर के पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
उनके भव्य स्वागत की तैयारियों की समीक्षा के लिए भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में जिला भाजपा अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा अमृतसर शहरी प्रभारी के.डी. भंडारी, डॉ. राम चावला, सुखमिंदर सिंह पिंटू, कुमार अमित, गुरप्रताप सिंह टिक्का, अजैबीर पाल सिंह रंधावा, जिला महासचिव सलील कपूर और मनीष शर्मा, बख्शी राम अरोड़ा, जसपाल सिंह शंटू, मोहित महाजन, राजेश हनी, रीना जेटली, परमजीत सिंह बत्तरा, संजय शर्मा, मनिंदर सिंह ठेकेदार, पार्षद गौरव गिल, अमन एरी और कृति अरोड़ा सहित अनेक नेता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए हरविंदर सिंह संधू ने पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों पदभार संभालने के बाद पहली बार अमृतसर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश से हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी अपने नए दायित्व के बाद पहली बार अमृतसर पहुंच रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों नेता 18 जून को सुबह 9:30 बजे भंडारी पुल पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद वे हॉल बाजार होते हुए सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
इसके बाद वे दोपहर 12:30 बजे जलियांवाला बाग पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 1:00 बजे वे कंपनी बाग स्थित महाराजा रणजीत सिंह पैनोरमा जाएंगे। दोपहर 3:00 बजे वे श्री दुर्गियाना तीर्थ में श्रद्धा अर्पित करेंगे। इसके उपरांत 3:30 बजे भाजपा कार्यालय स्थित शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक पहुंचकर शहीद हरबंस लाल खन्ना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद शाम 4:00 बजे दोनों नेता श्री राम तीर्थ मंदिर पहुंचकर भगवान वाल्मीकि का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि दोनों नेताओं के अमृतसर आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके दौरे से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।