अमृतसर, 24 जून (के.एल. जीत वालिया):पंजाब सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत आज नशा मुक्ति मोर्चा और अमृतसर पुलिस विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने की, जबकि नशा मुक्ति मोर्चा के माजहा ज़ोन इंचार्ज दीक्षित धवन अपने साथियों सहित शामिल हुए।
बैठक के दौरान अमृतसर शहर में नशा तस्करों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई तथा इस अभियान को और अधिक मजबूत एवं तेज़ी से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि एसएचओ स्तर की पुलिस व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए, ताकि मोहल्लों और गलियों में नशे का कारोबार करने वाले तस्करों को जड़ से खत्म किया जा सके। साथ ही समाज को नशे जैसी गंभीर बुराई से मुक्त कराने के लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी विचार किया गया।
नशा मुक्ति मोर्चा के माजहा ज़ोन इंचार्ज दीक्षित धवन ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार मोर्चा के सभी स्वयंसेवक “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। मोर्चा के सदस्य गांव-गांव और शहरों के मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक और संगठित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति मोर्चा नशे के इस अभिशाप को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस विभाग के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों और नशा मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई को और प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने का भरोसा दिया। इस अवसर पर यह भी दोहराया गया कि पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए सरकार, पुलिस विभाग और समाज के हर वर्ग को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर के डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर विजय आलम, एडीसीपी सिटी-1, सिटी-2 और सिटी-3, अमृतसर की सभी सब-डिवीजनों के डीएसपी तथा नशा मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधि हनी नाहर, जय कुश बुट्टर, कुलवंत सिंह वडाली, साहिब सिंह गिल, मनजीत सिंह फौजी और राहुल सेठ भी उपस्थित रहे।