बुजुर्ग पेंशन के लिए ₹1,048 करोड़ और महिलाओं, बच्चों व दिव्यांगजनों के लिए ₹535 करोड़ जारी: विधायक जीवन ज्योत कौर

अमृतसर, 3 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब भर के हजारों वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों के लिए समय पर मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके सम्मान और सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी प्रतिबद्धता के तहत पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 1,583 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर पूर्व की विधायक जीवन ज्योत कौर ने कहा कि राज्य सरकार के इस कदम से लाखों बुजुर्गों, विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, अनाथ बच्चों और दिव्यांग व्यक्तियों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों तक समय पर और सम्मानपूर्वक सहायता पहुंचे।

विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार के लिए सामाजिक सुरक्षा केवल बजट का प्रावधान नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति एक पवित्र प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजनाओं के लिए 6,131.91 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट रखा गया है, जिससे राज्य के लगभग 36 लाख लाभार्थियों को नियमित आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बुजुर्ग पेंशन योजना के तहत 1,048 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है। वहीं, विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, अनाथ एवं आश्रित बच्चों तथा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए संचालित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 535 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक रूप से सुरक्षित और समृद्ध पंजाब के निर्माण के सरकार के संकल्प को और मजबूत करता है।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी लीगल विंग (माझा ज़ोन) के अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रधान एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर, आम आदमी पार्टी ट्रेडर्स कमीशन (अमृतसर पूर्व) के अध्यक्ष कपिल चड्ढा, आसू बंसल, मनिंदर सिंह धारोवाली, साहिब सिंह पन्नू, गुरप्रीत सिंह रूबल, दलजीत सिंह, विजय कौर, मनदीप कौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *