सुरिंदर दुग्गल की अध्यक्षता में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल अमृतसर इकाई की कार्यकारिणी बैठक आयोजित

 

 

22 जुलाई की बैठक में समाधान नहीं निकला तो आंदोलन के लिए मजबूर होगा व्यापार मंडल

 

अमृतसर, 14 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल (पंजीकृत), अमृतसर इकाई की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक कटड़ा शेर सिंह स्थित मंडल कार्यालय में इकाई अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और सरकार से उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

 

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली, व्यापारियों पर बढ़ते कर भार तथा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि एक ओर सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देती है, वहीं दूसरी ओर अतिरिक्त कर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

 

व्यापार मंडल ने ऑनलाइन बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। सदस्यों का कहना था कि अनियमित ऑनलाइन व्यापार के कारण पारंपरिक व्यापार प्रभावित हो रहा है तथा केंद्र और राज्य सरकारों को भी करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

बैठक में जानकारी दी गई कि 22 जुलाई को पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्यारे लाल सेठ के नेतृत्व में अमृतसर की 52 व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि जीएसटी विभाग के ईटीसी, एईटीसी-1 और एईटीसी-2 से मुलाकात करेंगे। यदि इस बैठक में भी व्यापारियों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, तो अमृतसर इकाई अगली बैठक कर आंदोलन, प्रदर्शन और धरने की रणनीति तय करेगी।

 

बैठक में मजीठ मंडी एसोसिएशन से जुड़े विवाद पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में कार्यकारिणी सदस्य बी.के. बजाज और अनिल मेहरा से भी विचार-विमर्श किया गया। व्यापार मंडल ने कहा कि श्री गुरु रामदास जी की पावन नगरी अमृतसर में स्थित मजीठ मंडी का विशेष व्यापारिक महत्व है, जहां से अफगानिस्तान सहित देश-विदेश के साथ व्यापार होता है।

 

व्यापार मंडल ने सभी पक्षों से संयम बरतने तथा आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की। साथ ही अमृतसर इकाई ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

 

बैठक में सुरिंदर दुग्गल, राकेश ठुकराल, बलबीर भसीन (महासचिव), रवि अरोड़ा, रणजीत सिंह नागपाल, दीपक मेहरा, मनजीत सूद, रमिंदर सोढ़ी, सुनील चोपड़ा, गिन्नी भाटिया, अमित कोहली, ओ.पी. बुलानी, हरविंदर अरोड़ा, भामेश जुनेजा, विकास नारंग, गुरदीप सिंह सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *