सरबजोत धंजल के इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन बनने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह: अभिषेक बंसल

अमृतसर, 16 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):- आम आदमी पार्टी के अमृतसर शहरी जिला अध्यक्ष सरबजोत सिंह धंजल को अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। गुरुवार को उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जहां विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पंजाब सरकार के ट्रेड कमीशन, अमृतसर जिला के उपाध्यक्ष अभिषेक बंसल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सरबजोत सिंह धंजल का विशेष रूप से सम्मान किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता रमन सहगल तथा शिक्षा विभाग के सदस्य बंटी महाजन भी उपस्थित रहे।

अभिषेक बंसल ने कहा कि सरबजोत सिंह धंजल की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक धंजल ने विभिन्न जिम्मेदारियों को ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ निभाया है, और यह महत्वपूर्ण पद उनकी सेवाओं का सम्मान है।

अपने संबोधन में सरबजोत सिंह धंजल ने पार्टी हाईकमान, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा जिले के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

सरबजोत सिंह धंजल ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को दोबारा सत्ता में लाना और भगवंत सिंह मान को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के लिए पार्टी को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से विकास और जनसेवा के कार्यों को और तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *