मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना ने रचा नया इतिहास, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए निशुल्क दर्शन: गौरव अग्रवाल

 

 

अमृतसर, 16 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विरासत सेवा संगठन के जिला अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना जनकल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हुई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न पवित्र धार्मिक स्थलों के निशुल्क दर्शन कराए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए गौरव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए समाज के हर वर्ग के लोगों को उनके पवित्र गुरुधामों और तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को सफलतापूर्वक लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए पंजाब सरकार द्वारा यातायात, सुरक्षा, भोजन, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की जाती है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, सुरक्षा और सुविधा के साथ अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी इस योजना को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही इस योजना के अंतर्गत तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग भी शुरू किए जा रहे हैं, जिनमें खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश तथा मथुरा-वृंदावन की यात्राएं शामिल हैं।

उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *