सी डिवीजन पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई, कई मामले दर्ज
अमृतसर, 25 जुलाई (फुलजीत सिंह): थाना सी डिवीजन (शहरी) के एसएचओ रणजीत सिंह धारीवाल ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों के अनुसार नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसएचओ धारीवाल ने बताया कि थाना सी डिवीजन पुलिस द्वारा नशा बेचने वालों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं और कानून तोड़ने वालों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जो नशा तस्कर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, उन्हें भी जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार के साथ-साथ गुंडागर्दी और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी या किसी भी आपराधिक गतिविधि से संबंधित जानकारी बिना किसी डर के पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।
एसएचओ रणजीत सिंह धारीवाल ने विश्वास दिलाया कि शहर में कानून-व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।