अमृतसर, 4 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया):
पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 58 में डब्ल्यूडीसी कमेटी के सहयोग से एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने की। इस दौरान नशा मुक्ति मोर्चा के माझा जोन प्रभारी दीक्षित धवन विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वार्डवासियों ने नशे के खिलाफ सकारात्मक नारे लगाते हुए पंजाब को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त पंजाब के सपने को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नशे की लत में फंसे युवाओं को इलाज और जरूरी सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें दोबारा सामान्य जीवन की मुख्यधारा में लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ सरकार की मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने आसपास नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि को बढ़ावा न मिलने दें।
इस मौके पर नशा मुक्ति मोर्चा के माझा जोन प्रभारी दीक्षित धवन ने कहा कि नशा मुक्ति मोर्चा के सभी सदस्य पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान में पूरा सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोर्चे की ओर से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी जागरूकता बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा के हनी नाहर, जिला अध्यक्ष अमृतसर शहरी एनएमएम, जय कुच्छ बुट्टर, विधानसभा क्षेत्र कोऑर्डिनेटर एनएमएम, मैडम मोनिका, राजेश हांडा, विधानसभा क्षेत्र वाइस कोऑर्डिनेटर, करुणा सागर, राजू भाटिया, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तथा वार्ड नंबर 58 की डब्ल्यूडीसी की कार्यवाहक अध्यक्ष अजय नोएल सहित अन्य कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे।