संदिग्ध लोगों से पूछताछ, वाहनों की बारीकी से जांच; नशा तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
अमृतसर, 4 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया):
शहर में शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस के निर्देश पर पुलिस टीमों ने विशेष ‘CASO’ यानी कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया और नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की बारीकी से जांच की।
अभियान के दौरान संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर विशेष नाके लगाए गए। इन नाकों पर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी लेने के साथ-साथ वाहन चालकों के दस्तावेजों की भी जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई।
लोगों से किया संपर्क, सहयोग की अपील
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, निवासियों और इलाके के प्रमुख लोगों से भी बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों से शहर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या गैरकानूनी गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी के आधार पर तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों को सख्त चेतावनी
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी, गैरकानूनी हथियारों, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष नाकाबंदी, चेकिंग अभियान और CASO ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।
इस मौके पर एडीसीपी सिटी-1 योगेश्वर सिंह गोराया, एसीपी सेंट्रल सुरिंदर सिंह, एसीपी गगनदीप सिंह, इंस्पेक्टर अमनदीप कौर, इंस्पेक्टर राजवंत कौर, सब-इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।