पुलिस कमिश्नर का दावा- शूटरों और मास्टरमाइंड की पहचान हुई; चार विशेष टीमें छापेमारी में जुटीं
अमृतसर, 4 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया):
लुहारका रोड पर गोली मारकर हत्या किए गए पंजाब के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मॉडल और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (29) का शनिवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद जब शव परिवार को सौंपा गया तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने नम आंखों से मैड संधू को अंतिम विदाई दी। मैड संधू पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर का बेटा था।
इस दौरान सबसे अधिक चर्चा इस बात की रही कि इंस्टाग्राम पर मैड संधू के ढाई लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते थे और उसकी रील्स पर हजारों-लाखों लाइक व कमेंट आते थे, लेकिन उसके अंतिम सफर में 100 लोग भी मौजूद नहीं थे। इस दृश्य ने सोशल मीडिया की आभासी दुनिया और वास्तविक जीवन के रिश्तों के बीच के अंतर को उजागर किया।
दूसरी ओर, पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों और इसके पीछे कथित मास्टरमाइंड की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो पंजाब सहित अन्य संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, मैड संधू अपनी कार धुलवाने के लिए लुहारका रोड स्थित एक कार वॉश प्वाइंट पर गया था। जब वह अपनी महिला साथियों के साथ कार लेने के लिए पहुंचा तो बाइक सवार दो युवकों ने उसे कथित तौर पर निशाना बनाया। बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे मैड संधू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मैड संधू के परिवार के सदस्यों और उसके दोस्त कुंवर सिंह ने बताया कि वह जल्द ही अपने करियर में बड़ी छलांग लगाने वाला था। उनके मुताबिक, 29 तारीख को उसे ‘बिग बॉस’ में बतौर कंटेस्टेंट शामिल होना था और इससे संबंधित जरूरी कागजी कार्रवाई भी पूरी हो चुकी थी। लेकिन अचानक हुई हत्या ने उसके इन सपनों को अधूरा छोड़ दिया।
दोस्तों के अनुसार, मैड संधू केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं था। बाढ़ के दौरान उसने जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ-साथ छबीलों और लंगर की सेवा में भी हिस्सा लिया था। हालांकि, अपने बोल्ड अंदाज और अलग तरह के कंटेंट के कारण वह कई बार विवादों और ट्रोलिंग का भी शिकार रहा। पंजाबी गायक के.एस. मख्खन के साथ विवाद के अलावा उसे पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में काम करने का अवसर भी मिला था।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कथित गैंगस्टरों की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने और अन्य इन्फ्लुएंसर्स को धमकियां देने वाली पोस्ट भी सामने आई हैं। इसके चलते सोशल मीडिया से जुड़े कई चेहरों में डर का माहौल बताया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की वास्तविकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मैड संधू के छोटे भाई ने कहा कि उसका भाई परिवार का बड़ा सहारा था। वह अमृतसर में अपना सैलून चलाने के साथ सोशल मीडिया का काम भी कर रहा था। परिवार ने पुलिस और सरकार से मांग की है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जांच और छापेमारी लगातार जारी है।