लखनऊ ()- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हत्या के एक आरोपी ने उम्रकैद की सजा और लोगों के पैसे लौटाने से बचने के लिए एक बकरे का अंतिम संस्कार कर अपना ‘डेथ सर्टिफिकेट’ (मृत्यु प्रमाण पत्र) बनवा लिया। करीब 18 महीने तक पुलिस और अदालत को गुमराह करने के बाद आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हत्या आरोपी राजकुमार राजभर उर्फ राजू ने मई 2025 में गाजीपुर के एक श्मशान घाट पर बकरे का अंतिम संस्कार किया और शवयात्रा का पूरा नाटक रचा। इतना ही नहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बकरे की जगह राजू ने खुद के शव की फर्जी तस्वीर तैयार कर ली। इतना ही नहीं इन फर्जी तस्वीरों और दस्तावेजों के आधार पर उसने मऊ नगर पालिका से असली ‘डेथ सर्टिफिकेट’ हासिल कर लिया। इस सर्टिफिकेट को कोर्ट में जमा कर दिया गया ताकि केस बंद हो जाए और वह कानूनी रूप से ‘मृत’ घोषित हो सके।
वहीं पुलिस पूछताछ में इस सारी साजिश में 2 होम्योपैथिक डॉक्टरों के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है, जिन्होंने राजू का पैसा ट्रेडिंग में फंसने के डर से उसे यह आइडिया दिया था। अब आरोपी पर हत्या के पुराने मुकदमे के साथ-साथ धोखाधड़ी से दस्तावेज बनाने का नया मामला भी दर्ज कर लिया है।