मुंबई (पंजाब मीडिया टाइम्स)। अभिनेता और मशहूर मॉडल मिलिंद सोमन ने अपना 61वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने बाजीराव मस्तानी सहित कई फिल्मों में अपने शानदार अभिनय का प्रदर्शन किया है। मिलिंद सोमन अक्सर अपनी निजी और सामाजिक जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि मिलिंद सोमन ने अपने काम के मुकाबले निजी जिंदगी को लेकर अधिक चर्चा बटोरी है। उनके जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।
मिलिंद सोमन ने अभिनेत्री और मॉडल मधु सप्रे के साथ एक फुटवियर कंपनी के विज्ञापन के लिए न्यूड फोटोशूट करवाकर मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी थी। इस फोटोशूट को लेकर काफी विवाद और चर्चा हुई थी।
न्यूड फोटोशूट के बाद मिलिंद सोमन एक बार फिर तब सुर्खियों में आए, जब उनसे काफी कम उम्र की अंकिता कोंवर के साथ उनके रिश्ते की खबरें सामने आईं। दोनों के रिश्ते को मीडिया में काफी जगह मिली। हालांकि, साल 2018 में मिलिंद और अंकिता शादी के बंधन में बंध गए, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाएं धीरे-धीरे कम हो गईं।
मिलिंद सोमन अपने दौर के सुपरमॉडल रहे हैं और आज भी उन्होंने अपनी फिटनेस बरकरार रखी है।