भोपाल (के.एल. जीत वालिया): पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले संगीत कार्यक्रम से पहले बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर पीठ के आधिकारिक ईमेल पते पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से एक धमकी भरा संदेश भेजा गया है। इस संदेश में 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 ग्राउंड में होने वाले संगीत कार्यक्रम के मंच को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
इस बीच, दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर इंदौर पहुंचने का ऐलान किया और अपने प्रशंसकों से चिंता नहीं करने की अपील की। उन्होंने अपने खास अंदाज में यह भी कहा कि इंदौर पहुंचने के बाद वह सबसे पहले शहर का मशहूर पोहा खाएंगे और फिर जश्न मनाएंगे।
इस मामले में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार भी किया है। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने दावा किया कि उसने अपना ईमेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया था।
फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी भरा संदेश भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और संदिग्ध के दावे की सत्यता की जांच में जुटी हैं।