अमृतसर, 14 नवंबर (के.एल. जीत वालिया): नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, ब्लू वैली अमृतसर में वार्षिक समारोह बड़े उत्साह, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। समारोह में 3rd कैवेलरी के कमांडेंट कर्नल अजय कुमार तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल मैडम और स्कूल स्टाफ की ओर से मुख्य अतिथि का फूलों के गुलदस्ते भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य, गिद्दा, भांगड़ा, ग्रुप डांस, नाटक, कविता पाठ और गीतों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कक्षा 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों की राजस्थानी नृत्य प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल अजय कुमार तोमर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, समय की पाबंदी और देशभक्ति की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विधायक जीवनजोत कौर ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्कूल की ओर से शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध करवाना बेहद सराहनीय है।
समारोह के अंत में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रिंसिपल मैडम ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।