नगर निगम सचिव सुशांत भाटिया की अगुवाई में यू.टी. मार्केट में अवैध कब्जे हटाए गए

अमृतसर, 2 दिसंबर (के. एल. जीत वालिया):नगर निगम अमृतसर के कमिश्नर विक्रमजीत सिंह शेरगिल एवं संयुक्त कमिश्नर जैइंदर सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर निगम के सचिव सुशांत भाटिया की अगुवाई में एस्टेट/भूमि विभाग की टीम द्वारा यू.टी. मार्केट के सामने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी क्षेत्र की गलियों, सड़कों, दुकानों के बाहर, बरामदों तथा फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान जिन व्यक्तियों द्वारा अस्थायी रूप से अवैध कब्जे किए गए थे, उनका सामान जब्त कर नगर निगम के भगतांवाला स्टोर/परिसर में जमा करवा दिया गया तथा संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में उक्त स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जा न किया जाए। इसके साथ ही आसपास के दुकानदारों एवं रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा किए गए अवैध कब्जे भी हटाए गए और उन्हें निर्देश दिए गए कि वे अपना सामान अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें।

इस मौके पर दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई तथा कहा गया कि वे अपनी खाने-पीने की दुकानों/रेहड़ियों के पास डस्टबिन अवश्य लगाएं, ताकि कूड़ा-कचरा डस्टबिन में ही डाला जा सके। नगर निगम ने सभी से सहयोग की अपील की, जिससे श्री अमृतसर शहर की स्वच्छता और सुंदरता को और बेहतर बनाया जा सके।

माननीय कमिश्नर द्वारा शहरवासियों से अपील की गई कि वे नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे न करें, जिससे नगर निगम की छवि खराब होती है। यदि इसके बावजूद कोई व्यक्ति दोबारा अवैध कब्जा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ पी.एम.सी. एक्ट 1976 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।आज की इस कार्रवाई में श्रीमती प्रीति चौहान, इंस्पेक्टर अमल कुमार, सुखविंदर सिंह, विक्रमजीत सिंह, बंटी सहित नगर निगम की पुलिस फोर्स भी शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *