अमृतसर, 8 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – अमृतसर की प्रमुख एनजीओ माझा वेलफेयर सोसाइटी की एक अहम बैठक स्थानीय होटल में प्रधान गुरप्रीत सिंह प्रिंस गुमटाला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के लोकसभा इंचार्ज और पीएसआईईसी के वाइस चेयरमैन जसकरण सिंह बंदेशां तथा पार्टी के सोशल मीडिया माझा जोन के इंचार्ज एडवोकेट अरविंदर सिंह भट्टी विशेष रूप से शामिल हुए।
इस मौके पर प्रिंस गुमटाला ने सोसाइटी द्वारा समय-समय पर किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। जसकरण सिंह बंदेशां ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा में लगी सभी संस्थाओं को एक मंच पर आकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मिलकर संघर्ष करना समय की मांग है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह समाज भलाई के कार्यों में सोसाइटी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे और हर संभव सहयोग देंगे। इस दौरान एडवोकेट अरविंदर सिंह भट्टी ने कहा कि पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस बैठक में सीनियर मीत प्रधान तरसेम सिंह, सीनियर वाइस प्रधान बचित्तर सिंह, सचिव जगतार सिंह, कैशियर सरब संधू, मेडिकल सलाहकार डॉ. चंद्रेश लखेड़ा, सलाहकार वनीत रोकी, जसबीर सिंह महिता (इंचार्ज महिता जोन), गुरस्पिंदर सिंह गोपी, दीपक राणा, दिलबाग सिंह और मुख्य सलाहकार के.एल. जीत वालिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।