अमृतसर, 18 अप्रैल (शाम सुंदर)-सीबीएसई 10वीं कक्षा के परिणामों में स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। इस वर्ष गुरमेहर कौर ढिल्लों ने 99.8% अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया और सभी के लिए प्रेरणा बनीं। वहीं आशीमा सुखीजा और वृद्धिता अग्रवाल ने 99.4% अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर गुनीत कौर और लुभानी शर्मा रहीं, जिन्होंने 99.2% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
स्कूल के प्रिंसिपल और प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।