कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई धक्केशाही का हिसाब जरूर लिया जाएगा : चरणजीत सिंह चन्नी

 

 

मामला मजीठा में कांग्रेस की जीती हुई सीट को हराने का

अमृतसर, 31 मई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद Charanjit Singh Channi आज संसद की कृषि समिति के अध्यक्ष के रूप में लगभग 20 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे।

सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मजीठा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी भगवंत पाल सिंह सचर ने उन्हें नगर परिषद चुनावों के दौरान कथित रूप से हुई धांधली और अन्याय के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सचर ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 7 से विजयी कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप कौर को जीत का प्रमाण पत्र नहीं दिया गया, जबकि चुनाव हार चुके उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चन्नी ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी, तो भ्रष्टाचार और गैरकानूनी कार्यों में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और उन्हें उचित सजा दी जाएगी।उन्होंने भगवंत पाल सिंह सचर की सराहना करते हुए कहा कि वे मजबूत नेतृत्व का परिचय दे रहे हैं और राजनीतिक विरोधियों का सामना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होकर पार्टी की लड़ाई लड़ रहे हैं।चन्नी ने भरोसा दिलाया कि उचित समय आने पर सभी मामलों को ठीक किया जाएगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

 

उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद नवदीप सिंह सोना को भी आश्वस्त करते हुए कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता ने उन्हें ही विजयी बनाया है और कथित बेईमानी करने वालों को अंततः जवाब देना पड़ेगा। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन गुरमीत सिंह भीलोवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवतेजपाल सिंह सोहिया, सुलक्षण सिंह काथूनंगल, डॉ. सुखविंदर सिंह, मोहन सिंह, सुखविंदर सिंह आकड़, जसपाल सिंह जलालपुर, मनोहर लाल गालोवाली सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *