अमृतसर, 10 जून (के.एल. जीतवालिया): दाखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ने औपचारिक रूप से अकाली दल वारिस पंजाब दे पार्टी का दामन थाम लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इयाली ने कहा कि फिलहाल पार्टी संगठनात्मक स्तर पर काम कर रही है और अभी चुनाव आयोग में पंजीकृत नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पार्टी को राजनीतिक मान्यता नहीं मिल जाती, तब तक वह अपने विधायक पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
मनप्रीत इयाली ने कहा कि अकाली दल वारिस पंजाब दे पंजाब के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी में सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह तथा सांसद सरबजीत सिंह खालसा सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के हितों और क्षेत्रीय मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी के साथ मिलकर काम करेंगे।
इयाली ने कहा कि वह अमृतपाल सिंह की रिहाई की मांग उठाते रहेंगे और पंजाब के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
पंजाब के प्रमुख मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पानी के अधिकार, युवाओं के भविष्य और चंडीगढ़ से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को एक मजबूत क्षेत्रीय राजनीतिक दल की जरूरत है और सभी पंथक पार्टियों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि एनएसए हटने के बावजूद उनके बेटे को हिरासत में रखा गया है और उन्हें न तो संसद में बोलने दिया जा रहा है और न ही अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं उठाने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की।
सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने मनप्रीत इयाली के पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को एक अनुभवी राजनीतिक नेतृत्व की आवश्यकता थी और इयाली का अनुभव पार्टी के लिए लाभकारी साबित होगा।
इस मौके पर हरभजन सिंह तुड़, बाबू सिंह बराड़, काबल सिंह, रछपाल सिंह सोसन, शमशेर सिंह पद्धरी, करनवीर सिंह, जसनदीप सिंह, संदीप सिंह रूपालों, जसविंदर सिंह डरोली, लाली रैया, गुरसेवक सिंह, सुखबीर सिंह वल्टोहा सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।