अमृतसर, 8 जून (के.एल. जीत वालिया):- गुरु नगरी अमृतसर की सीवरेज व्यवस्था को अधिक बेहतर, स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शहरवासियों को सीवरेज संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने आज कंपनी बाग (पैनोरमा) में अत्याधुनिक ‘सुपर सकर मशीन’ का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।
यह मशीन 10,000 लीटर क्षमता वाले दो ड्रम टैंकों से सुसज्जित है, जिससे सीवर लाइनों की प्रभावी सफाई की जा सकेगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेयर भाटिया ने कहा कि अब शहर के तंग इलाकों, पुराने शहर और मुख्य बाजारों में सीवरेज जाम की समस्या का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
यह मशीन हाई-प्रेशर जेटिंग तकनीक के माध्यम से सीवर पाइपों की गहराई तक सफाई करने में सक्षम है। मशीन के साथ लगे बड़े टैंकों में पाइपों से निकली गाद और गंदा पानी एकत्र कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सड़कों पर गंदगी नहीं फैलेगी।
मेयर भाटिया ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मशीन का उपयोग पूरी योजना और व्यवस्थित ढंग से किया जाए ताकि शहर के प्रत्येक क्षेत्र, विशेषकर पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।