एस.आई.आर. संबंधी प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों को लेकर ग्रामीण कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक

हर विधानसभा क्षेत्र में की जाएंगी बैठकें : डैनी बंडाला

अमृतसर, 10 जून (के.एल. जीत वालिया):अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के दिशा-निर्देशों के तहत आज मोती सहगल की अगुवाई में जिला कांग्रेस कमेटी अमृतसर ग्रामीण के कार्यालय में ग्रामीण कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) तथा मतदाता सूचियों के सुधार संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

 

 

 

बैठक में जिला कांग्रेस प्रधान सुखविंदर सिंह डैनी, मजीठा हलका इंचार्ज भगवंत पाल सिंह सचर, पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला, दिलराज सिंह सरकारिया, पूर्व विधायक संतोख सिंह भलाईपुर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

 

 

 

 

बैठक को संबोधित करते हुए मोती सहगल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही और पारदर्शी मतदाता सूचियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों की बारीकी से जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रह जाए।

 

 

 

 

बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा, ताकि मतदाता सूचियों में मौजूद त्रुटियों को समय रहते ठीक कराया जा सके। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों को मतदान अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

 

 

 

 

नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया को पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ लागू करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने और मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं को तुरंत पार्टी एवं चुनाव अधिकारियों के ध्यान में लाने की अपील की।

 

 

 

 

बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर उन्हें जागरूक किया जाएगा।

 

 

 

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन गुरमीत सिंह भीलोवाल, सुखराज सिंह रंधावा, नवदीप सिंह सोना, विभिन्न ब्लॉक प्रधान, बी.एल.ए. तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *