अमृतसर, 10 जून (के.एल. जीत वालिया):मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं को उनके द्वार तक जाकर हल करने के उद्देश्य से गठित पंजाब ट्रेडर आयोग ने अपने जमीनी प्रयासों को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी के तहत आज बल कला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के उद्योगपतियों के साथ कानून-व्यवस्था तथा अन्य व्यापारिक मुद्दों को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक ट्रेडर आयोग के वाइस चेयरमैन (जिला अमृतसर) अभिषेक बंसल तथा अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के चेयरमैन कपिल चड्ढा की अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक एसोसिएशन के प्रधान संदीप खोसला, महासचिव राजन मेहरा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव महाजन की देखरेख में हुई। बैठक में डीएसपी यादविंदर सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर अभिषेक बंसल ने कहा कि ट्रेडर आयोग अमृतसर के व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा।
कपिल चड्ढा ने कहा कि बल कला इंडस्ट्रियल क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ट्रेडर आयोग व्यापारियों और उद्योगपतियों के हर जायज मुद्दे पर उनके साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने अपने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन पर अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर हरदेव सिंह (सदस्य, ट्रेडर आयोग, अटारी हलका), एसोसिएशन के चेयरमैन जगदीश अरोड़ा, संयुक्त सचिव अनुज दिलावरी, कार्यकारिणी सदस्य अमन दिलावरी, नितिन खन्ना, सुमेश मेहरा, संजीव अरोड़ा, अशोक कंधारी, संजीव किंदरी, मोही जी, ललित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे।