अमृतसर के समग्र विकास के लिए यूनिटी मॉल सहित 11 अहम मांगें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के समक्ष रखी. पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल (अमृतसर इकाई) के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय विद्युत, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर अमृतसर शहर के विकास से जुड़ी 11 प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा।
अमृतसर, 13 जून (के.एल. जीत वालिया) — पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल (अमृतसर इकाई) के अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल स्थानीय होटल में केंद्रीय मंत्री से मिला। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्वेत मलिक, प्यारे लाल सेठ और डॉ. हरविंदर संधू भी उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि लंबे समय से लंबित यूनिटी मॉल परियोजना को केंद्र और पंजाब सरकार के सहयोग से जल्द शुरू किया जाए। उनका कहना था कि इससे शहर के व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई दिशा मिलेगी।
प्रमुख मांगों में बाहरी रिंग रोड का निर्माण पूरा करना, ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना, पुरानी टेलीफोन एक्सचेंज बिल्डिंग का उचित उपयोग, गुरु नानक देव अस्पताल को पीजीआई चंडीगढ़ से संबद्ध करना और अमृतसर में स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) स्थापित करना शामिल था।
इसके अलावा श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्यात सुविधा केंद्र और कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की मांग की गई ताकि व्यापारियों को नुकसान से बचाया जा सके।
व्यापारियों ने विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों पर उचित कर प्रणाली लागू करने, जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को आग या अन्य दुर्घटनाओं में हुए नुकसान का मुआवजा देने और एमएसएमई योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुसार अमृतसर को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध शहर बनाने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर संबंधित मंत्रालयों के साथ गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर प्यारे लाल सेठ, राकेश ठुकराल, समीर जैन, बलबीर भसीन सहित कई व्यापारिक प्रतिनिधियों ने मंत्री का सम्मान किया।बैठक में लगभग 52 व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।