स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा की 11वीं पुण्यतिथि पर केयर एंड क्योर मेडिसिटी अस्पताल में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
करीब 230 मरीजों की जांच, विभिन्न टेस्ट और मुफ्त दवाइयों का वितरण
अमृतसर, 4 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):सेवा, स्नेह और सादगी की प्रतीक तथा पंजाब केसरी समूह की पूर्व निदेशक स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा की 11वीं पुण्यतिथि पर मॉल रोड–बटाला रोड स्थित केयर एंड क्योर मेडिसिटी अस्पताल में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में लगभग 230 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, रक्त जांच, थायरॉयड, ईसीजी, बोन डेंसिटी और एक्स-रे सहित विभिन्न परीक्षण निःशुल्क किए गए तथा मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।
ओम प्रकाश सोनी ने किया शिविर का उद्घाटन
अस्पताल के निदेशक संजय सेठ, अजय सेठ और अमित सेठ के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्घाटन पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूर्व डीआईजी डॉ. कुंवर विजय प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता विकास सोनी, पूर्व विधायक सुनील दत्ती तथा पूर्व पार्षद रमन बख्शी भी उपस्थित रहे।
‘जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराना सबसे बड़ी मानव सेवा’
ओम प्रकाश सोनी ने स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पंजाब केसरी के प्रधान संपादक विजय चोपड़ा, संयुक्त संपादक अविनाश चोपड़ा, अमित चोपड़ा, अभिजय चोपड़ा, अरूश चोपड़ा, अभिनव चोपड़ा तथा पूरे चोपड़ा परिवार के सामाजिक योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष उनकी स्मृति में लगाया जाने वाला यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मुफ्त दवाइयां भी वितरित कीं।
अस्पताल प्रबंधन ने दी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
अस्पताल के निदेशक अजय सेठ ने स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अस्पताल की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. निखिल मोंगा के नेतृत्व में डॉ. बिक्रमजीत सिंह (ऑर्थोपेडिक्स), डॉ. नवदीप कौर (स्त्री रोग), डॉ. शिवांगी (डाइटिशियन), डॉ. निखिल खन्ना, डॉ. साहिल चोपड़ा, डॉ. कमल, डॉ. वरुण, डॉ. आकाश, डॉ. गुरप्रीत, जतिंदर सिंह तथा सहायक नितिश खन्ना, सनी और नीतिका ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
पंजाब केसरी की समाज सेवा सराहनीय
पूर्व डीआईजी डॉ. कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पंजाब केसरी समूह ने पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा में भी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि जब मीडिया जागरूकता के साथ सेवा को भी अपना कर्तव्य बनाता है, तो समाज और देश दोनों का कल्याण होता है। इस अवसर पर सेवा देने वाले चिकित्सकों को प्रशंसा-पत्र भी प्रदान किए गए।
कांग्रेस नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता विकास सोनी, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पंजाब रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रमन बख्शी तथा ह्यूमन राइट्स के अध्यक्ष डॉ. हरीश कुमार हीरा ने स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पंजाब केसरी समूह की सामाजिक सेवा, शहीद परिवार सहायता और आपदा राहत कार्यों की प्रशंसा की।
पत्रकारों और शहर की प्रमुख हस्तियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
इस अवसर पर पंजाब केसरी की ब्यूरो प्रमुख ममता देवगन, न्यूज एडिटर वेद व्यास, वरिष्ठ पत्रकार जशनप्रीत सिंह टंडन, अवधेश गुप्ता, कमल पहलवान, हरीश गांधी, सरबजीत सिंह, प्रदीप गोयल, रमन मल्होत्रा, अनिल अरोड़ा, टीटू टोडरमल, गुरप्रीत सिंह साहिल सहित पंजाब केसरी समूह के पत्रकारों एवं शहर की अनेक प्रमुख हस्तियों ने स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
11 वर्षों से निरंतर मानव सेवा का अभियान
पिछले 11 वर्षों से अमृतसर में स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा की स्मृति में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर रहे रमन मल्होत्रा ने अपनी टीम के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और भविष्य में भी इस मानव सेवा अभियान को जारी रखने का संकल्प दोहराया।