18 जुलाई को इस्कॉन अमृतसर की ओर से भक्ति और हरिनाम संकीर्तन से गूंजेगा शहर
अमृतसर, 17 जुलाई (उप्पल): भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के अवसर पर इस्कॉन अमृतसर द्वारा पहली बार सिविल लाइंस क्षेत्र में भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसकी जानकारी शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस्कॉन अमृतसर के अध्यक्ष इंद्रानुज प्रभु ने दी।
उन्होंने बताया कि यह रथ यात्रा शनिवार, 18 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे गोबिंद पार्क, बसंत एवेन्यू से प्रारंभ होगी। यात्रा बसंत एवेन्यू, मकबूल रोड, मॉल रोड, ग्रीन एवेन्यू और आनंद एवेन्यू से होते हुए पुनः गोबिंद पार्क में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव जी एवं माता सुभद्रा जी को केवल निर्धारित स्वागत मंचों पर ही भोग अर्पित किया जाएगा तथा आरती उतारी जाएगी। इसके अतिरिक्त मार्ग में किसी अन्य स्थान पर रथ नहीं रुकेगा।
इंद्रानुज प्रभु ने कहा कि इस्कॉन के संस्थापक-आचार्य श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की प्रेरणा से विश्वभर में निकाली जाने वाली इस रथ यात्रा का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और हरे कृष्ण महामंत्र का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
रथ यात्रा के अवसर पर इस्कॉन फूड फॉर लाइफ की ओर से सभी श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद एवं खीर महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों में पवन वर्मा, सुरभि वर्मा, कार्तिकेय वर्मा, गणेश वर्मा, इस्कॉन रथ यात्रा समिति, इस्कॉन लक्ष्मणसर, इस्कॉन वृंदावन गार्डन तथा इस्कॉन श्री गोकुल गौशाला के सेवकों एवं भक्तों ने विशेष योगदान दिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान इंद्रानुज प्रभु ने शहरवासियों से अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी के पवित्र रथ की रस्सी खींचकर उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य अवश्य प्राप्त करें।
इस अवसर पर पवन वर्मा, सुरभि वर्मा, कार्तिकेय वर्मा, दशरथ दास, विष्णुचित्त दास, नरेंद्र अरोड़ा, अतुल शर्मा, अतुल वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ भक्त एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।