तरनतारन, 15 दिसंबर (इकबाल सिंह आहलूवालिया) — राजपाल इंटरनेशनल गैलरी ऑफ फाइन आर्ट की ओर से प्रसिद्ध कलाकार राजपाल सुल्तान की अगुवाई में तरनतारन सिटी के डीएसपी सुखबीर सिंह तथा गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी को पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से हाथ से बनी कलात्मक पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पंजाब मीडिया टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ के. एल. जीत वालिया, थाना सराय अमानत खान के इंचार्ज बलजिंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान डीएसपी अतुल सोनी और डीएसपी सुखबीर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि राजपाल इंटरनेशनल गैलरी द्वारा हाथ से बनाई गई सुंदर पेंटिंग भेंट किया जाना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि कला मानवीय भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है तथा ऐसी आर्ट गैलरियां समाज में रचनात्मक और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कला एवं संस्कृति से जुड़ी पहलें युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। अंत में दोनों अधिकारियों ने राजपाल इंटरनेशनल गैलरी के समस्त सदस्यों का हृदय से धन्यवाद करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार की कलात्मक गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।