अमृतसर, 5 फरवरी (के.एल. जीत वालिया) – राजपाल इंटरनेशनल गैलरी ऑफ फाइन आर्ट द्वारा आज एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम के दौरान भारत के प्रसिद्ध चित्रकार राजपाल सुल्तान की देखरेख में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ करमजीत सिंह को उनके हाथों से बनाई गई सुंदर पेंटिंग भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम कला और शिक्षा के सुंदर संगम का प्रतीक बना, जिसमें विद्वानों, कलाकारों और समाज के प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर चित्रकार राजपाल सुल्तान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली शख्सियतों का सम्मान करना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर डॉ करमजीत सिंह की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के कारण गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके द्वारा तैयार की गई यह पेंटिंग केवल एक कलात्मक रचना ही नहीं, बल्कि शिक्षा और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है।
प्रोफेसर डॉ करमजीत सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को भी प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कला मानव जीवन को संवेदनशील और रचनात्मक बनाती है तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब से वे गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर बने हैं, यूनिवर्सिटी ने कई नए मानदंड स्थापित किए हैं। शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने, शोध कार्यों को मजबूत करने और विद्यार्थियों के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
इस मौके पर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. करमजीत सिंह चहल ने भी प्रोफेसर डॉ करमजीत सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यूनिवर्सिटी निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रशासनिक दूरदर्शिता और समर्पण के कारण यूनिवर्सिटी की अकादमिक और प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।
कार्यक्रम के दौरान गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के सुरक्षा अधिकारी हरविंदर सिंह संधू और पंजाब मीडिया टाइम्स अखबार के एडिटर-इन-चीफ के.एल. जीत वालिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षा और कला के समन्वय को और अधिक मजबूत बनाते हैं तथा नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं।